इस्लामिक घृणा और कट्टरपंथी आतंकवाद
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में विजेता रहे डोनाल्ड ट्रम्प अपने चुनाव अभियान के दौरान 'इस्लामिक घृणा' से जुड़े बयान देकर विवाद में रहे और इन्हीं बयानों के चलते अमेरिका का एक बड़ा तबका ट्रम्प के समर्थन में आ गया और ट्रम्प चुनाव जीत जाते हैं।
अमेरिका ही नहीं 'मुसलमान से घृणा' के नाम पर दुनियाभर के जिस बड़े हिस्से में सियासत की जा रही है इसकी तहकीकात की जानी आवश्यक समझ कुछ तथ्य यहां जुटाने की कोशिश की है।
निश्चित ही इस्लाम का सियासत से गहरा नाता शुरू से ही रहा है। रसूल साहब के अनुयायियों ने सियासत के सहारे ही मजहब को आगे बढ़ाने की शुरुआती कोशिशें की। तलवार के दम पर इस्लाम तेजी से फैला। उस समय के हुक्मरानों ने जंगे-मैदान में मजहब का उपयोग न केवल जंग फतह करने के लिए किया बल्कि अपनी फौज में जोश भरने और सिपाहियों में दीन के नाम पर कुर्बानी देने के लिए प्रेरित भी किया। नतीजतन इस्लाम के बारे में शुरुआती धारणा हिंसक मजहब की बनी।
हमारे यहां भी इस्लाम का प्रसार तलवार के दम पर ही हुआ। विदेशी आक्रांताओं ने हिन्दुस्तान को फतह करने के लिए मजहब का सहारा लिया।
कुछ इस्लाम विरोधी कुरान को भी हिंसा की वकालत करने वाले ग्रंथ के रूप में बताते हैं। हालांकि मेरा धार्मिक ग्रंथों का अध्ययन अधिक नहीं है और न ही कुरान को पढ़ा है। फिर भी मानना है कि किसी भी मजहब का प्रमुख गं्रथ हिंसा की वकालत नहीं करता। जिस तरह हमारे यहां सनातनी ग्रंथ गीता में भगवान कृष्ण अर्जुन को युद्ध करने का उपदेश अन्याय के प्रतिकार हेतु देते हैं उसी तरह संभवतया कुरान में भी हिंसा की वकालत अन्याय के विरुद्ध ही की गई होगी जिसे युद्ध प्रेमियों और तात्कालिक सियासती लोगोंं ने अपने-अपने स्वार्थ अनुसार प्रयोग में ले लिया होगा।
वर्तमान दौर में मुस्लिम घृणा की गहराई में जाएं तो अमेरिकी-अरब विवाद या इजराइली अरब विवाद को जानना जरूरी है। जहां तक मेरा अध्ययन है, उसके अनुसार पश्चिम बनाम अरब के विवाद की मूल जड़ क्रूड ऑयल है। दुनिया में क्रूड ऑयल की बेतहाशा बढ़ती मांग और वैश्विक अर्थव्यवस्था का केन्द्र बिंदु क्रूड ऑयल बन जाने के बाद अरबी जगत या कहें मुस्लिम वल्र्ड पश्चिम की आंख में खटकने लगा है जिसमें इजराइली फिलस्तीनी विवाद ने भी 'घी पूरने' का ही काम किया है। यहूदियों और मुस्लिमों के बीच घृणा इन मजहबों की उत्पत्ति के दौर से ही रही है जिसे पश्चिमी दुनिया ने बढ़ाया ही है।
क्रूड ऑयल पर अमेरिका सहित पश्चिम के प्रभुत्व सम्पन्न मुल्कों के कब्जे के प्रयासों ने ही अरब घृणा के बीज को पल्लवित किया। वैसे इजराइल का धार्मिक तत्त्ववाद ज्यादा कट्टर और हिंसक है। इस्लाम को बर्बर मजहब के रूप में प्रचारित करने के पीछे के कारण धार्मिक न होकर राजनीतिक ही ज्यादा हैं। 1960 के बाद दुनिया का ध्यान मुस्लिम जगत की तरफ गया। इसी दौर में अरब-इजराइल संघर्ष शुरू हुआ। तेल उत्पादक देशों के संगठन ओपेक ने अपनी विशिष्ट पहचान बनानी शुरू कर दी तो विश्व राजनीति का स्वरूप बदल गया जिससे अमेरिका को अपने हितों पर संकट नजर आने लगा। तेल उत्पादक देश इस ओपेक के माध्यम से अपनी ताकत का अहसास करना चाहते थे वहीं दूसरी तरफ विश्व स्तर पर तेल का संकट पैदा होने लगा। इसी दौर में मुसलमानों के विरुद्ध घृणा भरा प्रचार शुरू किया गया। इस बहाने अमेरिका ने मध्यपूर्व में हस्तक्षेप बढ़ाना शुरू कर दिया।
अमेरिकी हस्तक्षेप की वैधता बनाए रखने और मध्यपूर्व के संकट को सतत संकट के रूप में बनाए रखने के उद्देश्य से भूमंडलीय माध्यमों का इस्तेमाल किया जाने लगा। इसी दौर में इस्लाम के विरुद्ध घृणा से भरा प्रचार अभियान चलाकर यह स्थापित करने का प्रयास किया गया कि मध्यपूर्व के संकट के जनक मुसलमान हैं जबकि सच्चाई यह है कि यह पश्चिम की नीति का परिणाम था।
तलवार के दम पर फैले इस्लाम के बावजूद हमारे यहां भी पांच-सात सौ सालों तक हिन्दू-मुसलमान आराम से एक-दूसरे के साथ रहते आएं हैं।
इसी बीच कुछ कट्टरपंथी मुस्लिम शासकों ने धाम्रिक स्वतंत्रता को पाबंद किया। जजिया जैसे कर लगा कुछ लोगों को मजबूरन धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाने लगा। इसी दौरान कुछ ऐसे मुस्लिम शासक भी आए जिन्होंने हिन्दुस्तान के मूल निवासियों के मजहब का सम्मान किया। धार्मिक व्यक्तियों और पर्वों को सहायता दी। कुल मिलाकर अमन चैन बरकरार रहा।
यहां तक कि 1857 की पहली क्रांति में भी सारे भारतीय नायकों ने अंतिम मुगल बादशाह बहादुरशाह जफर को सेनापति घोषित करके ब्रितानी कम्पनी के खिलाफ लड़ाई लड़ी। बाद में 'टू नेशन' थ्योरी ने इस एकता को खंडित किया और 'अवर हीरो योर इनेमी एंड योर हीरो अवर इनेमी' जैसे जुमले चले।
भारतीय स्वतंत्रता संगाम के इतिहास को पढऩे वाले लोग जानते हैं कि टू नेशन थ्योरी, मूलत: सियासती लोगों के अहं का टकराव था, कुछ लोगों की निजी महत्त्वाकांक्षा मुल्क की एकता पर हावी हो गई और मुल्क के टुकड़े हो गए। इसके बावजूद हिन्दुस्तान की बड़ी मुस्लिम आबादी ने इस फैसले का साथ नहीं दिया और मजहब के आधार पर बने मुल्क की बजाए हिन्दुस्तान में रहना पसंद किया।
मुस्लिम आतंकवाद
जहां भी मुस्लिम से घृणा की बात आएगी वहां इस्लामिक आतंकवाद की चर्चा भी होनी लाजिमी हो गई है। वैसे भी अभी दुनिया भर के अशांत इलाकों में बड़ी संख्या कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवादी समूहों के कारण है। सीरीया, इराक, लेबनान, नाइजीरिया, सूडान जैसे मुल्क आतंकवाद के परिणाम भोग रहे हैं। आईएसआईएस, तालिबान, बोकोहरम और अलकायदा जैसे आतंकी संगठन वैश्विक शांति के नाक में दम किए हुए हैं।
निश्चित ही ऊपरी तौर पर मुस्लिम आतंकवाद पूरी दुनिया के लिए संकट का सबब बना हुआ है। परन्तु अगर इस पूरे मसले की गहराई से तहकीकात करें तो इसके पीछे भी पश्चिमी ताकतें ही नजर आएगी।
पहली बात तो यह कि बहुसंख्यक मुस्लिम आतंकवादी संगठन इस्लामिक वल्र्ड में ही सक्रिय हैं और इनके हमलों का निशाना मुसलमान ही बन रहे हैं। अगर इस्लामिक आतंकवाद से दुनिया में मारे गए लोगों के आंकड़ों में बहुसंख्यक मुसलमान ही मिलेंगे। वैसे भी ये आतंकी संगठन शिया, सुन्नी, बोलवी और सूफी जैसे फिरकों द्वारा एक-दूसरे को मिटाने के हथियार के रूप में काम लिए जा रहे हैं।
मैंने जिन आतंकी संगठनों का हवाला ऊपर दिया है। उनका कार्यक्षेत्र इस्लामिक दुनिया ही है और ये सभी किसी न किसी इस्लामिक धारा के विरुद्ध बनाए गए हैं।
दूसरी बात यह कि इन समूहों को हथियार कहां से मिल रहे हैं। आप गौर कीजिए कि दुनिया भर में हथियार निर्माण के काम पर पांच या सात देशों या यूं कहे कि पांच-दस परिवारों का ही कब्जा है, ये सभी पश्चिमी दुनिया के लोग हैं। दुनिया भर में होने वाले सारे फसादों की जड़ यही लोग हंै। यही लोग आतंकियों को हथियार मुहैया कराते हैं तो यही लोग इनसे जूझने वाले मुल्कों की सेना को भी।
हालांकि यह बात जरूर है कि इन हथियार निर्माता कंपनियों को जो आसान शिकार मिला वह मुसलमान ही था क्योंकि एक तो ऐतिहासिक परम्परा में इस्लाम में हिंसा थी, दूसरी बेरोजगारी, भुखमरी और बढ़ती आबादी के बाद मुस्लिम युवाओं को बरगलाना आसान काम है।
ऐसे में क्रूड ऑयल पर कब्जों और हथियार निर्माता कम्पनियों के मुनाफे के लिए इस्लामिक आतंकवाद को खड़ा करने की पश्चिमी देशों की चाल सफल रही। यद्यपि दुनिया में दूसरे धर्मों से जुड़े आतंकी संगठन भी काम करते हैं मगर इन्हें कभी उनके मजहब से जोड़ कर नाम नहीं दिया गया।
कुल मिलाकर सियासती लोगों के लिए इस्लामिक घृणा 'इजी टारगेट' रहा है जिसके दम पर घृणा के बीज के सहारे न केवल वोटों की फसलें काटकर सत्ताएं हथियाई जाती हैं बल्कि हथियार निर्माता कम्पनियों का मुनाफे बढ़ाने से लेकर दुनिया के अर्थव्यवस्था के केन्द्र बिंदु बेसकीमती क्रूड ऑयल के क्षेत्र पर कब्जे जमाने तक का काम आसानी से किया जाता रहा है।
नई पीढ़ी के मुस्लिम नौजवानों को इस षड्यंत्र को समझकर आगे बढऩा होगा अन्यथा आने वाले दिनों में दुनिया की तसवीर बहुत भयावह होगी।
●सुरेन्द्रसिंह शेखावत
No comments:
Post a Comment