Tuesday, 9 March 2021

राज्य बजट

राज्य बजट: कैसे पूरी होगी घोषणाएं 

-सुरेंद्रसिंह शेखावत

24 फरवरी बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोरोना के कठिन दौर के बीच राज्य का बजट विधानसभा में पेश किया। सूबे का  पहला पेपरलेस बजट पेश करते हुए गहलोत ने अब तक का सबसे लंबा बजट भाषण ( 2 घंटे 46 मिनट का ) देते हुए 295 घोषणाएं की । बजट में आश्चर्य की बात यह है कि सरकार ने कोई नया टैक्स नहीं लगाया उल्टा 910 करोड़ के टैक्स में छूट की घोषणा कर दी ।
भारतीय संविधान का आर्टिकल 202 केंद्र और राज्य के लिए वर्तमान और आगामी  वर्ष का वित्त विवरण रखने की संवैधानिक बाध्यता पैदा करता है , जिसके चलते बजट पेश किया जाता है । मुख्यमंत्री गहलोत के शब्दों में "बजट प्रदेश की आर्थिक नीतियों का आईना होता है, जिसमें जनता अपना प्रतिबिंब देखती है।"  इतना ही नहीं मुख्यमंत्री खुद कहते हैं कि "बजट प्रदेश की सार्वजनिक विकास की आधारशिला रखता है ।" 

बजट के प्रति इस तरह की प्रतिबद्धता जताने के बावजूद  मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्ष 2021- 22 के लिए जिस तरह का बजट राज्य की विधानसभा में पेश किया सामान्यतः सरकारें चुनावी वर्ष में इस तरह का बजट पेश करती है , क्योंकि चुनावी वर्ष सरकार का अंतिम कार्यकाल का साल होता है जिसका अधिकतर समय आचार संहिता में चला जाता है। इसलिए यह माना जाता है कि सरकार के अंतिम साल की  बजट घोषणाएं  पूरी करने के लिए नहीं होती , केवल घोषणाओं के लिए होते हैं । लेकिन कोरोना के बाद उपजे आर्थिक संकट के बाद मुख्यमंत्री ने  लोकप्रियता के दबाव में लोक लुभावनी घोषणाएं करके अपनी पीठ थपथपाने का प्रयास किया उसका हश्र क्या होने वाला है यह सोच कर ही चिंताजनक हालात पैदा होती है। 

राजस्थान राज्य लगभग वित्तीय कुप्रबंधन का शिकार होते हुए आर्थिक आपातकाल की स्थिति में पहुंच गया है । राज्य के सभी ट्रेजरी दफ्तरों में विभिन्न विभागों के संवेदको के बिल पिछले दो साल से अटके हुए हैं । सार्वजनिक निर्माण विभाग और जन स्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग के ठेकेदारों के भुगतान न होने के कारण आत्महत्या तक के मामले सामने आ चुके हैं । किसी भी राज्य के लिए इससे ज्यादा शर्मिंदगी की बात क्या हो सकती है कि लंबे समय के बाद भी राजकीय विभागों में किए गए कार्यों के बावजूद संवेदको को भुगतान नहीं किया जा रहा और इसके बावजूद सरकार लोकलुभावन बजट देने का प्रयास केवल लोकप्रियता के दबाव में  कर लेती है । जबकि वित्तीय आपातकाल जैसी स्थिति में सरकार को कठोर निर्णय लेने का वक्त था और अलोकप्रियता के खतरे को  चुनौती मानकर राज्यहित में फैसले लिए जाने थे ।
मुख्यमंत्री अपने बजट भाषण में घोषणाओं के पिटारे खोलते ही गए। सड़क ,पुल ,स्कूल ,कॉलेज की घोषणाएं करते करते वे इस दबाब में रहे कि कोई वर्ग छूट न जाए । हालांकि सब वर्गों को साधने और हरेक वर्ग के लिए कुछ करने की हसरत तब तो अच्छी कही जा सकती है जब राज्य की वित्तीय हालात बहुत सुदृढ हो लेकिन जब हमारी आमदनी का अधिकतर हिस्सा कर्मचारियों की तनख्वाह, पेंशन , सरकारी अमले का खर्च उठाने और ऋण का ब्याज चुकाने में ही खर्च हो जाता हो तो लोकप्रियता के दबाब में रहना कहां तक उचित है जबकि सरकार का यह केवल तीसरा बजट है ।
हालांकि मैं अर्थशास्त्र का विद्यार्थी नहीं हूं लेकिन एक सामान्य राजनीतिक कार्यकर्ता के नाते बजट के प्रावधानों को पढ़ने समझने का प्रयास करता हूँ । यह बात एक सामान्य समझ के व्यक्ति के दिमाग में भी उपजती है कि लगभग नब्बे हजार करोड़ की अनुमानित आय के मुकाबले   एक लाख बाइस हजार करोड़ का अनुमानित खर्च निकलना कैसे सम्भव हो पाएगा जो कि आमदनी के मुकाबले 136 फीसदी अधिक  है । यहां भी गौर करने वाली बात यह है कि यह केवल अनुमानित आय व्यय है जबकि रिवाइज इस्टीमेट के समय जब सारे आंकड़े आ जाएंगे तब यह खर्च और अधिक बढ़ जाएगा जैसा कि 2019-20 में आय के मुकाबले ख़र्च 139 फीसदी और 2020-21 में 145 फीसदी अधिक रहा है ।
पिछली भाजपा सरकार के समय जब रेवेन्यू सरप्लस रहता था जबकि गहलोत सरकार आते ही राजस्व घाटे की स्थिति पैदा हो गई है । पिछले दो सालों में लगभग 65 हजार करोड़ का राजस्व घाटा राज्य को हो चुका है । राज्य में प्रतिव्यक्ति आय में 5.29 फीसदी की कमी हुई है और जीएसडीपी 6.06फीसदी घटी है । यह राज्य के आर्थिक स्वास्थ्य का इंडिकेटर है । मार्च 2014 में राज्य का कर्ज जो कि जीडीपी का 28 फीसदी था वह बढ़कर 33 फीसदी हो गया है । राज्य दो साल में एक लाख सोलह हजार करोड़ के कर्ज के बोझ तले दब गया है । बजटीय घाटा और भारी कर्ज राज्य की बदहाल आर्थिक हालात को प्रकट करते है ऐसे में केवल लोकलुभावनी घोषणाएं कर देने से एक बारगी तो हो सकता है राज्य की जनता को मुख्यमंत्री बरगला लें लेकिन यह बात लम्बे समय तक तो छुपाई नहीं जा सकती । अगले साल जब योजनाओं में कटौती की बात सार्वजनिक होगी तब सरकार का पोल स्वतः ही खुल जाएगी ।
खैर यह लोक लुभावन घोषणाओं का दौर है जब सदन के पवित्र पटल पर की गई घोषणाओं को पूरी करने के  प्रति जबाबदेही लगभग खत्म हो चुकी है । सदन के पवित्र सदन को झूठ बोलकर गुमराह करने और झूठी वाहवाही लूटने का प्लेटफॉर्म समझ लिया गया है । निश्चित ही यह बात लोकतंत्र के भविष्य के लिए बहुत घातक है । लोकशाही में सरकार की जबाबदेही जनता के प्रति होती है और सदन के पवित्र पटल से ऊंचा कोई स्थान नहीं होता ऐसे में सदन में कही गई बात का पूरा न करने की इच्छाशक्ति संसदीय गरिमा के विपरीत बात है । उम्मीद करते है कि मुख्यमंत्री बजट पर बहस को खत्म करते समय लोकप्रियता के मोह से बाहर निकलकर राज्य के विकास के लिए ठोस निर्णय लेंगे चाहे उन्हें कठोर कदम उठाने पड़े लेकिन राज्य के वितीय कुपोषण के हालात से बाहर निकालने के लिए यही ठीक रास्ता होगा ।

-सुरेंद्रसिंह शेखावत
(लेखक भाजपा से जुड़े राजनीतिक कार्यकर्ता है )


सुरेंद्रसिंह शेखावत
सम्पर्क : सी -9, विजय विहार , बीकानेर
ssshekhawatbkn@gmail.com
9413388098

No comments:

Post a Comment