Friday, 19 February 2021

भारत की ओर लौटने का वक्त


भारत की ओर लौटने का वक़्त 
________________________

● सुरेंद्रसिंह शेखावत

कोरोना महामारी के दौरान लंबे समय तक चले लॉक डाउन से जन जीवन थम सा गया है । हमारी भागमभाग भरी जिंदगी में यह आश्चर्यजनक वक्त है जब हमारे पास समय ही समय है । हमारे पास परिवार के लिए, बच्चों के लिए, प्रकृति के लिए, संगीत सुनने के लिए ,आसमान में तारे देखने के लिए, किताबें पढ़ने के लिए ,विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाने के लिए और अपनी अपनी रूचि के अनुसार काम करने के लिए समय ही समय है ।  कोरोना काल में हुई तालाबंदी  ने हमें नए सिरे से सोचने के लिए मजबूर किया  है ।

 पिछले 50- 60 सालों से और खासकर उदारीकरण और वैश्वीकरण का दौर शुरू होने के बाद से , हम भारतीयों ने पश्चिम का अंधानुकरण किया है । हमारा खान-पान, पहनावा,   सोच विचार,  रहन-सहन, यहां तक कि संस्कृति भी पश्चिम के अंधाधुंध नकल की तरफ अग्रसर है ।  हमने भारतीयता से लगभग मुंह मोड़ लिया है।  अंधाधुंध उत्पादन और अधिकतम उपयोग की शोषण आधारित पश्चिमी संस्कृति हमने अपना ली है । प्रकृति के अधिकतम दोहन का यह युग अत्यंत ही अमानवीय है ।

ऐसे समय में जब हम भारत के लोग भारतीयता को छोड़कर पूरी तरह से पश्चिम के अनुगामी हो गए थे, प्रकृति ने हमें भारत की ओर लौटने का एक अवसर दिया है। 

 कोरोना काल में पूरी दुनिया ने भारतीय परंपरा अनुसार नमस्ते के अभिवादन को स्वीकार किया है । हाथ मिलाना , गले मिलना या चुंबन लेने जैसे पाश्चात्य अभिवादन की जगह भारतीय अभिवादन को विश्वव्यापी स्वीकृति  मिली है।

कोरोना महामारी के समय  पूरी दुनिया में इम्यूनिटी अर्थात रोग प्रतिरोधक क्षमता पर महत्वपूर्ण विमर्श हो रहा है । ऐसे में औसत भारतीय लोगों की मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता का लोहा दुनिया ने माना है ।  दुनिया के समृद्ध देश इस बात को लेकर अचरज में है कि  स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में पिछड़ा भारत कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने में आश्चर्यजनक सफलता प्राप्त रहा है । विश्व में स्वास्थ्य सेवाओं  और स्वच्छता में अग्रणी अमेरिकन और यूरोपियन देशों के मुकाबले हमारी मजबूत इम्यूनिटी के पीछे हमारी रसोई का महत्वपूर्ण योगदान है । उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से लेकर पश्चिम तक पूरे भारत में प्रत्येक रसोई में मसालों का भरपूर प्रयोग होता है । हमारे भोजन के रोजाना के प्रयोग में उपयोग में लिए जाने वाले हल्दी , धाना , अदरक, काली मिर्च ,दालचीनी , जीरा,  मेथी , अजवाइन ,सौंफ इत्यादि अनेकानेक मसाले अपने आप में इम्युनिटी को बढ़ाने के प्राकृतिक स्त्रोत है । इसके साथ ही बहुत से भारतीय परिवारों में परंपरागत रूप से उपयोग में लिए जाने वाले तुलसी, गिलोय, सहजन आदि भी  रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं । भारतीय परंपरा का भोजन जिसमें मोटे अनाज और मसालों का बहुतायत में प्रयोग किया जाता है , सुपाच्य एवं स्वास्थ्यवर्धक होता है।  पश्चिमी देशों में प्रयोग किए जाने वाले पैकेज्ड फूड और बॉयल्ड फूड के मुकाबले भारतीय भोजन अधिक पोष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक होता है ।

भारतीय मूल की चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद में भी किसी भी बीमारी के होने के मूल कारण को जानने की प्रक्रिया है।  ऐसे में हमारी आयुर्वेदिक चिकित्सक पद्धति  में रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाकर ही किसी बीमारी को  खत्म करने का आधार माना जाता है।  यद्यपि इस कोरोना काल में सरकारी स्तर पर एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति के मुकाबले आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की उपेक्षा की गई  । परंतु फिर भी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के मामले में एलोपैथिक सहित अन्य चिकित्सा पद्धतियों के मुकाबले आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति अपने आप में समृद्ध है।

मानव और प्रकृति दोनों के मध्य सामंजस्य रखते हुए समन्वित विकास की अवधारणा मूल रूप से भारतीय विचार है । पश्चिम की "शैतानी सभ्यता" प्रकृति के शोषण और दोहन पर आधारित व्यवस्था है । कोरोना काल में एक बार फिर से हमने प्रकृति के महत्व और उसकी जरूरत को समझा है। ऐसे में प्रकृति और मानव के मध्य सामंजस्य के साथ समन्वित विकास के भारतीय मॉडल को अपनाए जाने की जरूरत भी महसूस हुई है।

हमने कोरोना काल में इस बात पर भी गौर किया है यह बीमारी अधिकतर पश्चिम के समृद्ध इलाको   और मेट्रो सिटी में फैली है।  गांव देहात में रहने वाले लोग और पूर्वोत्तर के लोग जो प्रकृति के ज्यादा नजदीक रहते हैं , उन पर यह बीमारी  बेअसर रही है ।इसलिए भारतीय विचार जो प्रकृति के साथ   तादात्म्य स्थापित करता है उस  पर फिर से एक बार इस महामारी के समय स्वीकृति की मोहर लगी है।सादगी सरलता और सहजता से जीवन जीने की पद्धति को  इस महामारी के समय हम लोगों ने उचित पाया है। महानगरों में रहने वाले लोग भी इस महामारी के समय गांव देहात में लौटे हैं और कुछ लोग तो खासतौर से खेतों और फार्म हाउस में रह रहे है । यह  प्रकृति के साथ तादात्म्य  स्थापित करने का एक प्रयास ही है ।

1830 में एक अंग्रेज अधिकारी सर चार्ल्स मेटकाफ़ ने भारतीय गांव का विवरण देते हुए लिखा था कि," ग्रामीण समुदाय छोटे गणराज्य की तरह है जहां उनकी आवश्यकता की लगभग हर वस्तु उपलब्ध है और बाहरी दुनिया से उनका कोई संबंध नहीं है । वह चिरस्थाई प्रतीत होते हैं जहां कोई भी चीज कभी समाप्त नहीं होती ।  ग्रामीण समुदायों का यह संघ हर गांव की खुशहाली में सहायक है । जिसमें प्रत्येक गांव एक छोटे राज्य की तरह है और यह सभी गांव स्वाधीन एवं स्वतंत्रता का आनंद लेते हैं। " विश्व बाजार में परिवर्तन और नव पूंजीवाद ने भारतीय ग्रामीण प्रणाली की आत्मनिर्भरता को नष्ट कर दिया
ऐसे में ग्राम आधारित स्वराज के मॉडल की तरफ फिर से लौटने की भी आवश्यकता इस महामारी ने महसूस की गई है । क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में मजदूरों का जो पलायन अपने गांव की तरफ हुआ है इस बीच यह नहीं लगता कि यह मजदूर जल्द ही अपने कार्यक्षेत्र की तरफ लौटेंगे । ऐसे में योजनाबद्ध रूप से कृषि और कृषि आधारित अन्य लघु उद्योगों की स्थापना करके भारतीय ग्राम स्वराज के मॉडल को फिर से जिंदा किया जा सकता है जो हमारी अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बन सकता है।

इस महामारी काल में हमने यह बात भी गौर की है कि जिन जरूरी सेवाओं को नव उदारीकरण के दौर में हमने निजीकरण की तरफ बढ़ावा दिया,  वह इस काल में पूरी तरह से विफल रहे हैं।  ऐसे में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम ही आवश्यक सेवाओं में सेवा देने में सफल हुए हैं इससे भारतीय सहकार के भाव को बढ़ावा मिला है।

पुनश्चः- प्रकृति ने इस महामारी के काल में हमें एक अवसर दिया है जिसमें हम रहन सहन, अचार विचार, पहनावे , खानपान  और संस्कृति में भारतीयता के विचार की तरफ लौट सके । इस महामारी के समय इस मजबूरी को अवसर में बदलते हुए हम भारत की तरफ लौटें ।
--------------------------
सी 9, विजय विहार, बीकानेर
ssshekhawatbkn@gmail. com

उपरोक्त आलेख मौलिक , अप्रकाशित एवं अप्रसारित है ।

सुरेंद्रसिंह शेखावत

No comments:

Post a Comment