मराठा आंदोलन के पीछे छिपी कड़वी हकीकत
देविंदर शर्मा |
महाराष्ट्र में मराठों के ‘मूक मोर्चा’ के सिलसिले ने राजनीतिक नेतृत्व को हिलाकर रख दिया है और हाथी व चार दृष्टिहीनों की कहानी की तरह नीति-निर्माता और अर्थशास्त्री ऐसे कारण खोजने में लगे हैं, जो इतने विशाल पैमाने पर लोगों के सड़कों पर उतर आने की व्याख्या कर सकें। इसे कोई भी नाम दें, लेकिन इस मूक विद्रोह की जड़ें खेती में जारी संकट से है।
खेती धीमी और निरंतर गति से खत्म हो रही है। इस संकट को देखने का एक तरीका तो किसानों की आत्महत्या की संख्या में वृद्धि है। मुझे जहां तक याद आता है महाराष्ट्र के विदर्भ या मराठवाड़ा से ही किसानों की आत्महत्याओं ने राष्ट्रीय सुर्खियां बनाई हैं। इसके पीछे एक बड़े रोग के लक्षण छिपे हैं, जिनकी सुविधाजनक रूप से अनदेखी की जा रही है। मामले का यह अप्रिय पक्ष न जाने कैसे छिपा ही रह गया है।
कृषि का सुनियोजित विनाश ही उन जाति आधारित विरोध प्रदर्शनों में सरकारी नौकरियों में आरक्षण की मांग की वजह है, जो हमने हाल में देखे हैं- महाराष्ट्र में मराठा, गुजरात में पाटीदार, राजस्थान में गुर्जर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में जाट और कर्नाटक में लिंगायत आदि। किंतु मराठा क्रांति मोर्चा अन्य जाति आधारित विरोध प्रदर्शनों से अलग इस मायने में हैं कि ये शांतिपूर्ण प्रदर्शन हैं और अब तक इनका कोई चेहरा नहीं है। जाति के आधार पर एकजुट होने के बावजूद सड़कों पर इतने बड़े पैमाने पर लोग तब तक नहीं उतर सकते जब तक कि पूरे समुदाय में क्रोध की लहर न चल रही हो। अहमदनगर के कोपार्डी में 13 जुलाई को मराठा लड़की से दुष्कर्म की घटना ने ट्रिगर का काम किया, लेकिन सारे विरोध-प्रदर्शकों को जोड़ने वाला कारण आर्थिक हताशा ही है।
चूंकि महाराष्ट्र में खुदकुशी करने वाले 90 फीसदी मराठा समुदाय से हैं और महाराष्ट्र ऐसी घटनाओं के मामले में शीर्ष पर है, अाइए देखें कि वहां कृषि का अर्थशास्त्र कितना विनाशकारी रहा है। बेहतर समझ के लिए मैंने कमीशन फॉर एग्रीकल्चरल कास्ट एंड प्राइसेस (सीएसीपी) की ताजा रिपोर्ट पर कृषि आमदनी का स्तर जानने के लिए निगाह डाली। महाराष्ट्र की कृषि योग्य जमीन के मोटेतौर पर 4.5 हिस्से पर गन्ना है, जो लगभग 71 फीसदी भूजल पी जाता है। आइए देखें कि शेष 96 फीसदी किसानों का क्या हाल है। धान में प्रति हैक्टेयर शुद्ध प्राप्ति 966 रुपए हैं यानी यदि मासिक आधार पर गणना करे तो यह 300 रुपए महीना होता है। रागी की खेती में तो महाराष्ट्र के किसान को प्रति हैक्टेयर 10,674 रुपए हानि होती है। इसी तरह मूंग और उड़द में क्रमश: 5,873 व 6663 रुपए हानि होती है। यहां तक कि जिस कपास की खेती का बड़ा प्रचार किया जाता है और जिसके लिए विदर्भ जाना जाता है, उसमें शुद्ध आमदनी मात्र 2,949 प्रति हैक्टेयर है। कपास को जून में बोया जाता है और इसकी फसल अक्टूबर में आती है। कपास चुनने का काम नवंबर, दिसंबर और जनवरी तक भी चलता है। ऐसे में औसत प्रति हैक्टेयर आमदनी मात्र 700 रुपए होती है। मुझे आश्चर्य होता है कि मनरेगा में काम करने वाले श्रमिक से भी कम आमदनी पर महाराष्ट्र का किसान इतने बरस अपना वजूद कैसे बनाए रख सका।
इसलिए महाराष्ट्र में उपजे रोष का औचित्य है। जो महाराष्ट्र के लिए सही है, वही गुजरात, कर्नाटक, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित शेष देश के लिए भी सही है, जहां हाल ही में आरक्षण के लिए व्यापक प्रदर्शन देखे गए हैं। उसी मराठा, जाट व पाटीदार समुदायों के राजनीति व बिज़नेस में प्रभुत्व स्थापित करने वाले एक फीसदी तबके की चमक-दमक व ताकत के पीछे 99 फीसदी आबादी की कड़वी हकीकत छिपी रह जाती है। वर्ष 2016 के आर्थिक सर्वे के मुताबिक देश के 17 राज्यों में कृषि परिवारों की औसत वार्षिक आय मात्र 20 हजार रुपए है यानी औसत मासिक आय सिर्फ 1,667 रुपए है।
देश की 130 करोड़ की आबादी में आधा हिस्सा प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से खेती पर निर्भर है। इतने बड़े तबके की लगातार उपेक्षा ने ही इस असंतोष को जन्म दिया है। खेती आर्थिक रूप से व्यावहारिक न होने से इससे जुड़े पेशे भी खत्म हो रहे हैं। इस पर यह कि चिकित्सा व स्वास्थ और शिक्षा सेवाएं निजी क्षेत्र में जाने के कारण महंगी होकर किसान की पहुंच के बाहर हो गई हैं। कई अध्ययनों ने दर्शाया है कि काफी हद तक ग्रामीण संपन्न परिवार किसी के गंभीर बीमार होने से गरीबी में चले गए। एक ऐसे समय जब सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाएं संसाधनों की कमी से जूझ रही हैं, स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण का सबसे बड़ा आर्थिक बोझ गरीबों पर ही पड़ रहा है। शिक्षा भी पहुंच के बाहर हो गई है। महाराष्ट्र के यवतमाल के छोटे किसान के ग्रेजुएट पुत्र 22 वर्षीय गोपाल बाबाराव राठौड़ ने सुसाइड नोट में प्रश्न पूछा है, जो हमें त्रुटिपूर्ण आर्थिक नीतियों की याद दिलाता है। अगस्त के अंतिम सप्ताह में खुदकुशी करने वाले गोपाल ने बताया है कि कैसे शहरों के किस्मत के धनी युवाओं की तरह ग्रामीण युवाओं की भी हसरतें होती हैं। वह पूछता है, ‘एक शिक्षक का बेटा इंजीनियर बनने के लिए आसानी से 1 लाख रुपए दे सकता है, लेकिन मुझे बताएं कि किसान का बेटा इतनी फीस कैसे दे सकता है?’ उसने आगे कहा, ‘ऐसा क्यों है कि वेतनभोगी कर्मचारी को बिना मांगे महंगाई भत्ता मिलता है, जबकि किसानों को उनकी उपज की उचित कीमत तक नहीं दी जाती?’
युवा छात्र के मर्मभेदी प्रश्नों की ज्यादा दिनों तक उपेक्षा नहीं की जा सकती। स्कूल टीचर हो या पटवारी सरकारी नौकरी आर्थिक सुरक्षा मुहैया कराती है अौर आरक्षण की मांग की यही वजह है। यदि किसी चपरासी को सारे भत्तों के साथ प्रतिमाह 18 हजार रुपए मिलते हैं तो किसान को यह पूछने का पूरा हक है कि आमदनी में समानता से उसे क्यों वंचित किया जा रहा है। इसलिए मराठों के प्रदर्शन को जान-बूझकर निर्मित की जा रही आर्थिक विषमता के नतीजे के रूप में भी देखा जाना चाहिए। विरोध प्रदर्शन चाहे मौन हो, लेकिन इसका संदेश इतना प्रखर है कि उसे दरकिनार नहीं किया जा सकता। मराठा प्रदर्शन सहित देशभर में समय-समय पर होने वाले व्यापक विरोध प्रदर्शनों में एक बड़े सामाजिक-आर्थिक संकट के सारे तत्व मौजूद हैं। इसकी उपेक्षा करना, पूरे देश को खतरे में डालने के बराबर है।
(ये लेखक के अपने विचार है)
देविंदर शर्मा
पर्यावरणविद और कृषि विशेषज्ञ
hunger55@gmail.com
साभार दैनिक भास्कर।
No comments:
Post a Comment