Monday, 6 July 2020

यूएन की प्रासंगिकता पर प्रश्नचिन्ह

यूएनओ की प्रासंगिकता पर प्रश्नचिन्ह 

-सुरेंद्र सिंह शेखावत 

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कराची में हुए आतंकवादी हमले में भारत को घेरने की रणनीति के तहत चीन द्वारा 30 जून को  पेश किया गया प्रस्ताव जर्मनी और अमेरिका की आपत्ति के कारण पारित नहीं हो पाया । इस तरह वैश्विक मंच पर  परोक्ष रूप से भारत को बदनाम करने का चीनी षडयंत्र विफल हो गया । इससे पहले 25 जून को अमेरिकी विदेश मंत्री माइक   पोम्पिओ ने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के खतरे से आगाह करते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ, विश्व स्वास्थ्य संगठन तथा  विश्व व्यापार संगठन में चीन द्वारा किए गए वादों को तोडने का आरोप लगाते हुए एशिया में चीनी खतरे के मध्यनजर अमेरिकी फ़ौज की तैनाती की बात कही । वर्तमान विश्व अमेरिका और चीन के मध्य चल रहे संघर्ष के कारण स्पष्ट रूप से  दो ध्रुवों के मध्य बंटा हुआ नजर आता है,    ऐसे में विश्व शांति और वैश्विक सहयोग के लिए बनाए गए अंतरराष्ट्रीय संगठन संयुक्त राष्ट्र संघ के  अस्तित्व पर सवाल खड़े होने लगे है । 

अमेरिका संयुक्त राष्ट्र संघ के विभिन्न संगठनों से खुद को निरन्तर असम्बन्ध कर रहा है । पिछली 30 मई को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विश्व स्वास्थ्य संगठन से नाता तोड़ने की घोषणा की थी। ट्रम्प  कोरोना संकट के दौरान  निरन्तर  डब्ल्यूएचओ पर चीन के प्रभाव में काम करने का आरोप लगा रहे थे और कुछ दिन पहले अमेरिका द्वारा डब्ल्यूएचओ को दी जाने वाली फंडिंग पर भी रोक लगा दी थी । यहां उल्लेखनीय है कि अमेरिका डब्ल्यूएचओ को सालाना 40 से 50 करोड़ डॉलर की सालाना मदद करता था   जबकि चीन अमेरिका के मुकाबले महज  4 करोड डॉलर की ही  फंडिंग डब्ल्यूएचओ को देता रहा है । अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके डब्ल्यूएचओ पर चीन के नियंत्रण में काम करने का आरोप लगाया है । अमेरिका का आरोप है कि चीन ने वुहान लैब में पैदा हुए कोरोनावायरस की सच्चाई दुनिया से छिपाई और डब्ल्यूएचओ ने भी चीन की जानकारियां छुपाने में मदद की ।

अमेरिका , जर्मनी ,ब्रिटेन और आस्ट्रेलिया सहित 62 देशों ने इस मामले में विश्व स्वास्थ्य संगठन की भूमिका पर सवाल उठाए है । कोरोना वायरस आखिर कैसे और किस तरह से इंसानों तक पहुंचा? डब्ल्यूएचओ ने इसकी रोकथाम के लिए क्या कदम उठाए और उसकी भूमिका क्या रही? दुनिया के  देश ऐसे ही सवालों का जवाब मांग रहे हैं। अब भारत ने भी आधिकारिक तौर पर इन देशों को अपना समर्थन देते हुए यूरोपीय यूनियन व ऑस्ट्रेलिया की ओर से जांच की मांग वाले दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं। यद्यपि भारत ने अभी अभी डब्ल्यूएचओ के कार्यकारी चेयरमैन का जिम्मा सम्भाला है । 
जनवरी 2019 में  अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद से इजरायल के मसले पर खुद के अलग होने  का एलान किया था । अमेरिका ने उस वक्त भी आरोप लगाया कि मानवाधिकार परिषद मानवाधिकार का उल्लंघन करने वालों को संरक्षण देता रहा है ।

इससे पहले अक्टूबर 2017 में अमेरिका के ट्रम्प प्रशासन  ने संयुक्त राष्ट्र संघ की शिक्षा, विज्ञान एवं सांस्कृतिक एजेंसी यूनेस्को की सदस्यता  छोड़ने का प्रस्ताव दिया था । अमेरिका और इजरायल ने 2011 में ही यूनेस्को को आर्थिक मदद देनी बन्द कर दी थी , क्योंकि उस वक्त यूनेस्को ने यरुसलम पर इजरायल के अवैध कब्जे पर आपत्ति जताई थी ।

विश्व स्वास्थ्य संगठन, मानवाधिकार परिषद और संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन से अमेरिकी नाता तोड़ने की घोषणा मात्र से ही नहीं बल्कि कोरोना महामारी के वैश्विक संकट के काल के दौरान संयुक्त राष्ट्र संघ की नगण्य भूमिका से इस वैश्विक संगठन की प्रासंगिकता पर सवाल खड़े हो रहे है ।

अपनी स्थापना के सात दशक बाद संयुक्त राष्ट्र संघ , इसके पूर्ववर्ती संगठन राष्ट्रसंघ की तरह ही  बेअसर होता प्रतीत हो रहा है । प्रथम विश्व युद्ध के बाद वैश्विक सहयोग एवं सामंजस्य स्थापित करने के उद्देश्य से पूर्ववर्ती राष्ट्रसंघ की स्थापना हुई थी परंतु संघ की नाकाम भूमिका के चलते जब दूसरा विश्व युद्ध हो गया तो पूर्ववर्ती राष्ट्रसंघ की भूमिका स्वतः ही समाप्त हो गई । फलतः नए संगठन की जरूरत महसूस हुई और 24 अक्टूबर 1945 को दूसरे विश्व युद्ध से हुए विनाश और जापान पर हुए परमाणु हमले की पृष्ठभूमि में  संयुक्त राष्ट्र संघ बना ताकि भविष्य में इस तरह के विनाश और परमाणु इस्तेमाल से बचा जा सके । दोनों विश्व युद्धों के बाद कोरोना महामारी उतनी ही बड़ी त्रासदी के रूप में दुनिया के सामने आई है । दुनियां स्पष्ट रूप से चीन के समर्थक और विरोधियों के रूप में दो धड़ों में बंट गई है । यद्यपि यह प्रत्यक्ष युद्ध जैसा तो नहीं है लेकिन हालात उससे ज्यादा भयावह है । पिछले तीन चार माह से दुनियां की अर्थव्यवस्था के जो हालात हुए है वैसे किसी युद्ध के कारण भी नहीं हुए होंगे । इन हालात में यूएनओ निभाने में पूरी तरह विफल रहा है , तब फिर से संयुक्त राष्ट्र संघ की भूमिका पर सवाल खड़े होने के साथ ही वैकल्पिक वैश्विक संगठन की मांग उठने लगी है ।

यद्यपि स्थापना काल से ही संयुक्त राष्ट्र संघ पर अमेरिकी दबदबा रहा है ।दरसल संयुक्त राष्ट्र संघ के खर्च का  सर्वाधिक हिस्सा अमेरिका ही वहन करता है जो लगभग 29 फीसदी है परन्तु अब जब अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र संघ के सहयोगी संस्थाओं के बजट में कटौती करते हुए खुद को उनसे अलग कर लिया है तब यह जानना महत्वपूर्ण है कि वास्तविक झगड़े की जड़ कहां है ।

अमेरिका कोरोना संकट के लिए चीन को दोषी ठहरा रहा है अमेरिका की इस बात का   जर्मनी ब्रिटेन सहित कई देश समर्थन कर रहे है इतना ही नहीं कई देश इस अपराध के लिए चीन से जुर्माना वसूलना चाहते है जिसकी कार्यवाही अंतराष्ट्रीय न्यायालय में शुरू भी कर दी गई है । परंतु चीन और रूस को प्राप्त विशेषाधिकार वीटो का इस्तेमाल अमेरिका ब्रिटेन और फ्रांस के लिए गले की घण्टी बना हुआ है ।

चीन लम्बे समय से वैश्विक महाशक्ति  अमेरिका के वर्ल्ड लीडरशिप को चुनौती दे रहा है और कोरोना महामारी से निपटने में  अमेरिकी प्रशासन की असफलता ने भी अमेरिकी कमजोरी को उजागर किया है । उधर राष्ट्रपति ट्रम्प आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए भी अपनी रणनीति के तहत चीन को खलनायक करार देते हुए चुनावी मुद्दा बनाना चाह रहे है ।

इस सारी कवायद में संयुक्त राष्ट्र संघ की प्रासंगिकता पर सवाल उठा खड़े हुए है । उधर संयुक्त राष्ट्र भी इस संकट के समय दुनिया को नेतृत्व देने में असफल रहा है ।इस महामारी से उपजे संकट के प्रति तमाम देशों के बीच सहयोग और समन्वय स्थापित करने में संयुक्त राष्ट्र महासचिव की प्रतिक्रिया बेहद धीमी रही है । ऐसा लगता है कि महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने अपनी सभी सांगठनिक ज़िम्मेदारियों से मुंह मोड़ लिया है ।ये ऐसे समय पर हो रहा है जब दुनिया को इस संकट से उबरने के लिए वैश्विक नेतृत्व की सख़्त आवश्यकता है।  अब अगर इस महासंकट के समय भी संयुक्त राष्ट्र विश्व परिदृश्य से अनुपस्थित रह रहा है तो ये सवाल उठना बिल्कुल उचित है कि क्या संयुक्त राष्ट्र संघ विश्व की चुनौतियों का समाधान देने में सक्षम है? 
  

पिछले दिनों जॉर्डन के शाह ने भी अपने आलेख में नए वैश्विक संगठन की जरूरत बताई थी । अमेरिका द्वारा अपने सहयोगी राष्ट्रों के सहयोग से चीन की घेराबंदी की रणनीति भी संयुक्त राष्ट्र संघ के लिए संकट के रूप में सामने आने वाली है । इन सब हालातों के मध्यनजर जहां संयुक्त राष्ट्र संघ की प्रासंगिकता पर सवाल उठने लगे है वहीं वैकल्पिक वैश्विक संगठन की जरूरत महसूस हुई है जो या तो संघ को नए सिरे से पुनर्गठित करके पूरी की जा सकती है अन्यथा संयुक्त राष्ट्र संघ भी अपने पूर्ववर्ती राष्ट्र संघ की परिणीति को ही प्राप्त करेगा ।

No comments:

Post a Comment