नौजवान गुस्से में क्यों
जेपी आंदोलन के बाद देश में कोई बड़ा युवा आंदोलन नहीं हुआ। वीपी सिंह सरकार द्वारा लागू की गई मण्डल कमीशन की रिपोर्ट के बाद ओबीसी आरक्षण के विरुद्ध नौजवान सड़क पर एक बारगी दिखाई तो दिया, मगर यह कोई व्यापक आंदोलन नहीं था।
नब्बे के दशक में युवाओं की राजनीतिक सामाजिक आंदोलनों में भागीदारी नगण्य हो गई, यूं लगने लगा जैसे युवा पूरी तरह कॅरिअर ओरियेंटे हो गया है। उस दौर में यह बात चिंताजनक भी लगी कि युवा केवल अपने कॅरिअर को लेकर फिक्रमंद है, दूसरे मुद्दों पर वह न तो बोलता है न ही प्रतिक्रिया देता है।
पिछले कुछ सालों में यह स्थिति बदली है। देश भर में नौजवान आंदोलित हैं। वह गुस्से में नजर आता है, उसका रवैया अचानक हिंसक हो गया है। आपने गौर किया होगा कि सक्षम जातियां आरक्षण को लेकर देशभर में आंदोलित हैं। वह चाहे गुजरात का पाटीदार हो, महाराष्ट्र का मराठा, कर्नाटक का लिंगायत हो, हरियाणा का जाट हो या राजस्थान का गुर्जर। इनके अलावा दूसरी बड़ी जातियों के आंदोलन-हरेक में बड़ी संख्या में युवा शामिल हो रहे हैं।
गुजरात में लाखों पटेल तेइस वर्ष के एक लड़के के नेतृत्व में आरक्षण की मांग को लेकर लड़ रहे हैं, वहीं महाराष्ट्र में लाखों मराठे मौन जुलूस में शामिल हो रहे हैं, हरियाणा में तो जाटों ने आरक्षण को लेकर जो हिंसा की वह किसी से छिपी नहीं। राजस्थान के परिपेक्ष्य में ध्यान करें तो पिछले दिनों एक अपराधी के एनकाउंटर की न्यायिक जांच की मांग व एक फिल्म को रुकवाने के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा आक्रोशित नजर आये।
वहीं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, हैदराबाद यूनिवर्सिटी और बनारस का बीएचयू भी इन वर्षों में मुखर छात्र आंदोलनों का गवाह बना है।
सोशल मीडिया का उपयोग बढऩे के बाद से युवा जबरदस्त प्रतिक्रिया दे रहा है। इन प्रतिक्रियाओं में युवा का गुस्सा नजर आता है, वह हिंसा की ओर बढ़ता नजर आता है।
अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में युवा बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। इस दौरान राजनीतिक रैलियों में भी युवाओं की संख्या में इजाफा हुआ है। जातीय आंदोलनों में शामिल होने वाली भीड़ का नब्बे फीसदी १८ से ४० वर्ष तक के नौजवानों का होता है। इसी तरह आक्रामक धार्मिक जुलूसों में भी युवाओं की संख्या तेजी से बढ़ी है।
इस पूरे परिदृश्य पर गौर करें और इन आंदोलनों में नौजवानों की बढ़ती संख्या का विश्लेषण करें तो आप पाएंगे कि असल मुद्दे वे नहीं हैं जिन पर युवा आंदोलित हैं, वास्तविकता यह है कि इस सारे आक्रोश और गुस्से के पीछे आर्थिक असुरक्षा तथा रोजगार को लेकर सबसे बड़ा कारण है जो युवा को आंदोलित किए हुए है।
दरअसल आबादी के अनुपात में रोजगार के अवसरों का न बढ़ पाना, बाजारवाद के दौर में खर्चों में बढ़ोतरी, योग्यता के अनुरूप वेतन का न मिलना और इन सबसे बढ़कर खेती किसानी की बदहाल स्थिति से देश का नौजवान आर्थिक असुरक्षा से ग्रस्त हो रहा है। उसका गुस्सा सिस्टम के प्रति है जो उसे आर्थिक सुरक्षा की गारंटी नहीं देता, बनिस्बत वह कभी सरकार बदलने के लिए आंदोलन करता है तो सपने पूरे न हो पाने पर उसका गुस्सा फिर फूटता है। उसे लगता है कि उसके वोट से चुनी सरकारें अगर उसे रोजगार की गारंटी नहीं दे सकती है तो उन सरकारों को नुकसान पहुंचाया जाए जिसके लिए कभी वह जातीय आंदोलन को हथियार बनाता है तो कभी धार्मिक आंदोलनों को।
हम गौर करेंगे तो पाएंगे देश की बड़ी कृषक जातियां आरक्षण के लिए आंदोलित हैं, वो पिछड़ेपन के नाम पर कोटे का लाभ चाहती हैं। पटेल, मराठा, जाट, राजपूत इत्यादि किसी भी दृष्टि से पिछड़ों के पैमाने पर खरे नहीं उतरते बावजूद इसके वो कोटा मांग रहे हैं। इसका मूल कारण रोजगार का संकट है। देश की सभी कृषक जातियों की स्थिति का आकलन करें तो एक नजर खेती की स्थिति पर डाल लेनी चाहिए।
कमीशन फॉर एग्रीकल्चर कोस्ट एंड प्राइजेज (CACP) की ताजा रिपोर्ट पर गौर करेंगे तो पाएंगे कि सारे कृषि जिंस घाटे पर बिक रहे हैं। २०१६ के आर्थिक सर्वे के मुताबिक देश के १७ राज्यों में कृषि परिवारों की औसत वार्षिक आय मात्र २० हजार रुपए यानी औसत मासिक आय मात्र १७ सौ रुपए है।
देश की १३० करोड़ आबादी का आधा हिस्सा प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से खेती से जुड़ा हुआ है। इस तबके की लगातार उपेक्षा ने ऐसे असंतोष को जन्म दिया है। खेती आर्थिक रूप से व्यावहारिक न होने से इसके जुड़े पेशे भी खत्म हो रहे हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं तथा शिक्षा निजी क्षेत्र में जाने के कारण वे किसान की पहुंच से बाहर हो गई हैं।
कृषि विशेषज्ञ देविंदर शर्मा का मत है कि स्कूल टीचर हो या पटवारी, सरकारी नौकरी आर्थिक सुरक्षा मुहैया कराती है और कृषक जातियों के आरक्षण की मांग की वजह भी यही है। यदि किसी चपरासी को प्रतिमाह १८ हजार रुपये मिलते हैं तो किसान को यह पूछने का पूरा हक है कि आमदनी में समानता से उसे क्यों वंचित किया जा रहा है।
खेती लगातार खत्म हो रही है किसानों की बढ़ती आत्महत्याएं इस संकट को स्पष्ट करती है। कृषि का सुनियोजित विकास ना होना ही इन जाति आधारित विरोध प्रदर्शनों में कोटे की मांग की वजह है।
बाजारवाद के प्रभाव से तेजी से बढ़ते निजीकरण के दौर में श्रम कानून की अवहेलना साधारण बात तो गई है। काम और योग्यता के अनुरूप वेतन न मिल पाने से युवा अवसाद में हैं। भविष्य को लेकर आर्थिक असुरक्षा उसे आक्रामक बना रही है।
गांवों और शहरों में बेरोजगारों की बढ़ती भीड़ चिंताजनक है। इसी कारण आंदोलनों में आक्रोशित, हिंसक युवाओं की बढ़ती भीड़ को आर्थिक विस्मता के नतीजे के रूप में देखा जाना चाहिए। यह भविष्य के सामाजिक-आर्थिक संकट को प्रदर्शित करता है। इसकी उपेक्षा करना, पूरे देश को खतरे में डालने वाला साबित होगा।
सुरेन्द्रसिंह शेखावत
लेखक राजनीतिक सामाजिक कार्यकर्ता है
No comments:
Post a Comment